सनबीम स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया वार्षिकोत्सव

मऊ : अलीनगर स्थित सनबीम स्कूल के वार्षिकोत्सव "उदयन" का ग्यारहवाँ संस्करण अत्यन्त ही उल्लास और ऊर्जा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ विशिष्ट अतिथि श्रीमती प्रतिमा गुप्ता, असिस्टेंट डायरेक्टर सनबीम ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टिट्यूशंस के कर कमलो द्वारा किया गया। कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का स्वागत विद्यालय के प्रबंधकगण श्री विजय अग्रवाल एवं श्रीमती कीर्ति अग्रवाल, श्री राकेश गर्ग एवं श्रीमती शशि अग्रवाल,श्री कृष्ण कुमार अग्रवाल एवं ऋतु अग्रवाल तथा श्री आशीष अग्रवाल एवं श्रीमती शिल्पी अग्रवाल जी ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्रम देकर किया।
विद्यालय के प्रबंधक श्री राकेश गर्ग जी ने स्वागत सम्बोधन में इस वर्ष के वार्षिकोत्सव की विषय वस्तु " विरासत" की औपचारिक घोषणा की। श्री आयुष अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। उक्त अवसर पर सी बी एस ई स्कूल के मैनेजर्स,रोटरी क्लब प्राइड मऊ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ा दी। उक्त कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न सी बी एस ई सम्बद्ध विद्यालयों के प्रधानाचार्य भी उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रबंधक श्री मिनहाज़ अली हैदर ख़ान ने अभिभावकों के समक्ष विद्यालय की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए अपनी "वार्षिक रिपोर्ट" प्रस्तुत की. उन्होंने इस रिपोर्ट के माध्यम से वर्ष भर में विद्यार्थियों द्वारा अनेकों प्रतियोगिताओं में अर्जित मेडल्स, ट्रॉफी, तथा प्रशस्ति पत्रों को अभिभावकों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात, वार्षिकोत्सव की विषय वस्तु के अनुरूप विद्यार्थियों ने अपने पूर्वांचल की विरासत को दर्शकों के समक्ष प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारम्भ आज़मगढ़ के हरिहर पुर घराने को समर्पित करते हुए "सरस्वती वन्दना" से हुआ। संगीत के क्षेत्र में हरिहर पुर घराने के योगदान तथा इस घराने से जुड़ी विभूतियों को बच्चों ने नमन किया. अगली प्रस्तुति में बच्चों ने बलिया से लेकर गाज़ीपुर क्षेत्र में अपने ज्ञान से समाज की बौद्धिक एवं आध्यात्मिक चेतना जागृत करने वाले ऋषियों का स्मरण किया और पंचतत्व पर आधारित अत्यन्त मनहर नृत्य प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अगले क्रम में माँ वनदेवी धाम, जो कि मऊ जनपद में ही अवस्थित है, की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए बताया कि माता जानकी वनदेवी के रूप में उक्त धाम पर कभी निवास करती थीं। लव - कुश के जन्म का उत्सव मानते हुए बच्चों ने अपनी लोक भाषा भोजपुरी में सोहर प्रस्तुत किया जिसे दर्शकों द्वारा ख़ूब पसंद किया गया।

कार्यक्रम को गति देते हुए अपने पूर्वांचल के संतों और सूफियों को याद किया गया तथा उन पर आधारित प्रस्तुतियाँ भी दी गईं। निज़ामाबाद में स्थित गुरू नानक देव की चरन पादुका भी हमारी विरासत का इक अभिन्न हिस्सा है और इसीलिए बच्चों ने गुरबानी के माध्यम से गुरु नानक देव जी की शिक्षा को अपनी प्रस्तुति के माध्यम से प्रसारित किया। पूर्वांचल की बात हो और कबीर की चर्चा न हो, भला ऐसे कैसे हो सकता है। कबीर अपने समय और आने वाले समय के अमर पथ प्रदर्शक हैं। और इसीलिए कबीर को समर्पित गीत "ज़रा धीरे धीरे गाड़ी हाँको मेरे राम गाड़ी वाले " ने दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। जनपद मऊ की पहचान मऊ की साड़ियों के लिए है और इसलिए अपने जनपद के बुनकरों को समर्पित प्रस्तुति ने कार्यक्रम को एक नवीन ऊँचाई प्रदान किया। वीर रसावतार पंडित श्याम नारायण पाण्डेय जी, फ़िराक़ गोरखपुरी, हजारी प्रसाद द्विवेदी, कैफ़ी आज़मी आदि साहित्यकारों पर आधारित प्रस्तुति ने दर्शकों की चेतना में ऊर्जा का प्रवाह किया। बाबा कीनाराम को समर्पित शिव तांडव नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का विश्राम "जगाओ मेरे देश को " गीत पर नृत्य कर बच्चों ने किया। कार्यक्रम के अन्त में विशिष्ट अतिथि श्रीमती प्रतिमा गुप्ता, असिस्टेंट डायरेक्टर सनबीम ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टिट्यूशंस,ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की तथा विद्यालय परिवार को अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित कीं. विद्यालय के हेड बॉय मास्टर संस्कार आनन्द तथा हेड गर्ल जाह्नवी सिंह ने आभार ज्ञापन किया। कार्यक्रम राष्ट्र गान के साथ पूर्ण हुआ।



अन्य समाचार
  • फातिमा स्कूल के बच्चों की प्रस्तुती ने सभी का मनमोहा

  • रामपुर चकिया में पालिका द्वारा लगाये गये कैम्प में लोगों ने जमा किया गृहकर एवं जलकर

  • जीवन में परिश्रम ही सफलता का पर्यायः डॉ संजय सिंह

  • साइबर टीम के प्रयास से वापस हुआ एक लाख रुपया

  • पुलिस ने ड्रोन कैमरा से परखा कस्बा की सुरक्षा

  • परिषदीय स्कूलों के छात्रों ने जाना चीनी बनाने की प्रक्रिया

  • बोस और टैगोर हाउस का रहा दबदबा

  • सामाजिक कार्यों के लिए रोटेरियन ने दिए 1हजार डॉलर का दान

  • सनबीम स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया वार्षिकोत्सव

  • जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के जनपद स्तरीय अंतर्वभागीय बैठक संपन्न

  • आंगनवाड़ी केंद्रों के उत्कृष्ट रखरखाव के लिए, राज्यपाल द्वारा सीएमओ को किया गया सम्मानित

  • हृदय के लिए घातक होगा मौसमी बदलाव : डॉ संजय सिंह

  • रोटरी गवर्नर ने किया यात्री प्रतीक्षालय और हर्बल वाटिका का शुभारंभ

  • *एजुकेशन टुडे ग्रुप के डिजिटल लर्निंग टूल्स में डालिम्स सनबीम मऊ हुवा सम्मानित*

  • राजन बने 5वीं राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता के कंपटीशन डायरेक्टर

  • इनरव्हील क्लब की महिलाओं ने मनाया हरियाली तीज महोत्सव

  • कैरियर